भिवानी,17 अगस्त
भिवानी में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर कांग्रेस पार्टी द्वारा राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्‘ के कथित अपमान के विरोध में कैंडल मार्च निकाला। यह प्रदर्शन पंडित नेकीराम शर्मा लाइब्रेरी से शुरू होकर नेहरू पार्क स्थित शहीद स्मारक तक पहुंचा, जहां मार्च का समापन किया गया।
प्रदर्शन के दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए भाजपा के जिला अध्यक्ष वीरेंद्र कौशिक ने आरोप लगाया कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर कांग्रेस नेताओं,सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे की मौजूदगी में राष्ट्रगीत का अनादर किया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् और राष्ट्रध्वज देश के गौरव व सम्मान के प्रतीक हैं, और इनका किसी भी प्रकार का अपमान देश बर्दाश्त नहीं करेगा।
विपक्ष द्वारा उठाए जा रहे महंगाई व बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर पूछे गए सवाल के जवाब में जिला अध्यक्ष ने कहा कि उन विषयों पर संसद और विधानसभा में चर्चा की जा सकती है। लेकिन, राष्ट्र के सम्मान और राष्ट्रगीत के आदर का विषय सर्वोपरि है। उन्होंने कहा कि एक जिम्मेदार नागरिक होने के नाते राष्ट्रीय प्रतीकों का सम्मान बनाए रखना सभी का कर्तव्य है और इसी संदेश को जनता तक पहुंचाने के लिए यह विरोध दर्ज कराया गया है।
अन्य खबरें जानें –
यमुनानगर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने वंदे मातरम् के विरोध में निकाला कैंडल मार्च



