नूंह, 17 अगस्त
नूंह जिले में अरावली पर्वतमाला की तलहटी में स्थित पांडवकालीन प्राचीन नलेश्वर महादेव शिव मंदिर में सावन मास के तीसरे सोमवार को श्रद्धालुओं की आस्था उमड़ पड़ी। सुबह से ही मंदिर परिसर में भोले बाबा के भक्तों का पहुंचना शुरू हो गया। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना कर शिवलिंग पर जलाभिषेक किया और सुख-समृद्धि की कामना की।
सावन का सोमवार भगवान शिव की आराधना के लिए विशेष माना जाता है। इस दिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु व्रत रखते हैं और भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-शांति के लिए प्रार्थना करते हैं। नलेश्वर महादेव मंदिर में भी भक्तों ने श्रद्धा और भक्ति के साथ पूजा-अर्चना की।
इस बार सावन के तीसरे सोमवार का महत्व और भी खास बताया जा रहा है। सोमवार के साथ नाग पंचमी और रवि योग का संयोग बनने से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार सावन सोमवार और नाग पंचमी का संयोग भगवान शिव की आराधना के लिए अत्यंत शुभ माना जाता है।
मंदिर परिसर में सुबह से ही हर–हर महादेव और भोलेनाथ के जयकारे गूंजते रहे। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को जल, दूध और पुष्प अर्पित कर पूजा की तथा आशीर्वाद प्राप्त किया।
अन्य खबरें जानें –



