फिरोज़पुर में 30 किलोग्राम अधिक हेरोइन बरामद; तीन व्यक्ति गिरफ्तार

चंडीगढ़/फिरोज़पुर, 11 अगस्त: मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए छेड़ी गई मुहिम के दौरान बड़ी…

पंजाब

चंडीगढ़/फिरोज़पुर, 11 अगस्त:

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के दिशा-निर्देशों के अनुसार पंजाब को नशा मुक्त राज्य बनाने के लिए छेड़ी गई मुहिम के दौरान बड़ी सफलता हासिल करते हुए, एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) फिरोज़पुर रेंज ने सीमा पार से चल रहे नशा तस्करी मॉड्यूल से संबंधित तीन व्यक्तियों को 30.672 किलोग्राम हेरोइन समेत गिरफ्तार कर इस मॉड्यूल का पर्दाफाश किया है। यह जानकारी आज यहां डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (डीजीपी) पंजाब गौरव यादव ने दी।

गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान अनमोलप्रीत सिंह उर्फ अनमोल (24) निवासी कसूरी गेट, फिरोज़पुर; आकाश सिंह उर्फ आकाश (22) निवासी गांव गुलाम पत्तड़ा, फिरोज़पुर और वर्तमान पता संत कबीर नगर, फिरोज़पुर और अंशप्रीत सिंह उर्फ अंश (25), निवासी राजघाट, फिरोज़पुर के रूप में हुई है। हेरोइन की बड़ी खेप बरामद करने के अलावा, तस्करी की गतिविधियों के लिए इस्तेमाल की जा रही एक हुंडई वर्ना कार (पीबी-77-5973) भी बरामद की गई है।

यह सफलता पंजाब पुलिस द्वारा सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के साथ संयुक्त ऑपरेशन के दौरान 30.200 किलोग्राम हेरोइन समेत दो व्यक्तियों को गिरफ्तार कर सीमा पार से चल रहे नशा तस्करी मॉड्यूल का पर्दाफाश करने के कुछ दिनों बाद हासिल हुई है।

डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच से पता चला है कि यह खेप विदेशी नशा तस्कर द्वारा अंतरराष्ट्रीय सीमा पार से भेजी गई थी और यह खेप एक भारतीय तस्कर द्वारा आगे सप्लाई करने के लिए फिरोज़पुर के गांव अली के के क्षेत्र से प्राप्त की गई थी। उन्होंने बताया कि सीमा पार के हैंडलरों से जुड़े सभी व्यक्तियों की पहचान करने और इस नेटवर्क के आगे-पीछे के संबंध स्थापित करने के लिए आगे की जांच जारी है।

इस ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए एडिशनल डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (एडीजीपी) एएनटीएफ नीलभ किशोर ने बताया कि आरोपियों द्वारा इस बड़ी खेप की प्राप्ति के बाद इस खेप को ले जाने संबंधी प्राप्त ठोस मानवीय खुफिया जानकारी पर कार्रवाई करते हुए, एसपी एएनटीएफ फिरोज़पुर रेंज गुरिंदरबीर सिंह के नेतृत्व में एएनटीएफ टीमों ने फिरोज़पुर-फाजिल्का रोड पर एक विशेष ऑपरेशन चलाया।

उन्होंने बताया कि इस दौरान तीन संदिग्ध व्यक्तियों को रोका गया जो अपनी हुंडई वर्ना कार में जा रहे थे। उन्होंने बताया कि उनकी गाड़ी की तलाशी के दौरान 30.672 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई।

एडीजीपी ने बताया कि आगे की जांच के दौरान आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां और बरामदगी होने की संभावना है।

इस संबंध में, एफआईआर नंबर 177 दिनांक 10-08-2026 को एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 और 29 के तहत एसएएस नगर के पुलिस स्टेशन एएनटीएफ में दर्ज की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *