रांची, 10 अगस्त
झारखंड में PSC-SSC भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली और अनियमितताओं के खिलाफ छात्रों का आंदोलन तेज हो गया है। आज हजारों की संख्या में छात्र रांची में विधानसभा घेराव के लिए सड़कों पर उतर आए। देर रात तक ही करीब 5 हजार से अधिक छात्र जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में जुटने लगे थे। सुबह होते ही छात्रों ने हाथों में तिरंगा लेकर विधानसभा की ओर मार्च शुरू कर दिया।
प्रदर्शनकारियों को देखते हुए पुलिस ने कड़े इंतजाम किए हैं। पुलिस ने जगह-जगह भारी बैरिकेडिंग और कंटीले तारें लगाई हैं।पुलिस ने धारा 163 लागू की है। पुलिस ने 6 लेयर की सुरक्षा की है और CCTV कैमरों से लगातार निगरानी की जा रही है।कई जगहों पर छात्र बैरिकेडिंग हटाकर आगे बढ़ते नजर आए। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है।
2 हजार जवान तैनात
छात्रों के विधानसभा घेराव को देखते हुए रांची में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। विधानसभा के मेन गेट पर भारी बैरिकेडिंग की गई है। धरना स्थल से विधानसभा तक करीब 2 हजार जवानों की तैनाती की गई है।
प्रशासन ने राइट कंट्रोल वैन, आंसू गैस और वाटर कैनन भी तैनात किए हैं। विधानसभा के करीब 2 किलोमीटर के दायरे में वाटर कैनन लगाए गए हैं।प्रदर्शन को देखते हुए अन्य जिलों से भी पुलिस बल रांची बुलाया गया है।
एंबुलेंस से विधानसभा के लिए रवाना हुए देवेंद्र नाथ मेहतो
छात्र नेता देवेंद्र नाथ मेहतो भूख हड़ताल पर बैठे हैं। वह विधानसभा घेराव में शामिल होने के लिए एंबुलेंस से रवाना हुए। इस दौरान उनके हाथ में पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की तस्वीर भी दिखाई दी।
छात्र नेताओ ने प्रदर्शनकारियों को शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से प्रदर्शन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि छात्र पुरानी विधानसभा के पास जुटकर शांतिपूर्ण मार्च शुरू करेंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री से छात्रों की मांगों को पूरा करने की अपील करते हुए कहा कि उनकी सभी मांगें जायज हैं।
JPSC मामले में ED ने दर्ज की ECIR
JPSC परीक्षा में हो रही गड़बड़ियों के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने ECIR (Enforcement Case Information Report) दर्ज की है। इसके साथ ही मामले में मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से आधिकारिक जांच शुरू हो गई है।
3 JPSC सदस्यों ने दिया इस्तीफा
JPSC में बड़ा प्रशासनिक बदलाव भी हुआ है। सोमवार को आयोग की तीन सदस्य अजीता भट्टाचार्य, जमील अहमद और अनिमा हांसदा ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया। तीनों के इस्तीफे राज्यपाल को भेजे गए थे, जिन्हें मंजूर कर लिया गया है।इससे पहले 22 जुलाई को JPSC चेयरपर्सन एल. खियांग्ते भी अपने पद से इस्तीफा दे चुके हैं।
फिलहाल रांची में छात्रों का प्रदर्शन जारी है और विधानसभा के आसपास भारी पुलिस बल तैनात है। प्रशासन की कोशिश है कि प्रदर्शन को नियंत्रित रखते हुए कानून-व्यवस्था न बिगड़े।
अन्य खबरें जानें-


