Bahadurgarh में बारिश के पानी में उतरा करंट, दुकान के बाहर बैठे व्यक्ति की मौत, पांच बहनों का इकलौता भाई था मृतक

बहादुरगढ़, 5  अगस्त बहादुरगढ़ शहर की बालौर चुंगी के पास स्थित वाल्मीकि बस्ती में करंट लगने से 44 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई।…

बहादुरगढ़

बहादुरगढ़, 5  अगस्त

बहादुरगढ़ शहर की बालौर चुंगी के पास स्थित वाल्मीकि बस्ती में करंट लगने से 44 वर्षीय व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान ओमप्रकाश के रूप में हुई है, जो इलाके में नॉन-वेज की दुकान चलाते थे। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है।जानकारी के अनुसार बारिश के कारण गली में पानी भरा हुआ था। इसी दौरान पानी में अचानक करंट उतर आया। उस समय ओमप्रकाश अपनी दुकान के बाहर बैठे थे और करंट की चपेट में आ गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि गली के ऊपर से हाई टेंशन बिजली लाइन गुजर रही है। आशंका जताई जा रही है कि इसी कारण जलभराव वाले पानी में करंट उतरा, जिससे यह हादसा हुआ। हालांकि, करंट आने के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।मृतक ओमप्रकाश पांच बहनों के इकलौते भाई थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

परिजनों ने आरोप लगाया कि हादसे से करीब पांच मिनट पहले ही झज्जर की जिला उपायुक्त क्षेत्र में जलभराव का जायजा लेकर गई थीं। उनका कहना है कि प्रशासनिक अमले के वहां से जाने के तुरंत बाद यह हादसा हो गया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की है।

सूचना मिलने पर पुलिस और संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, बिजली विभाग भी करंट आने के कारणों की जांच में जुट गया है।

 अन्य खबरें जानें –

शिवरात्रि पर कैथल में कांवड़ियों के लिए पुख्ता इंतजाम, नगर आयुक्त ने विभागों को दिए निर्देश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *