कैथल, 5 अगस्त
कैथल जिला नगर आयुक्त कपिल शर्मा ने कहा कि शिवरात्रि पर्व के अवसर पर हरिद्वार से कांवड़ लेकर आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सभी संबंधित विभाग समय रहते आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करें तथा समाजसेवी संस्थाएं भी निर्धारित नियमों का पालन करते हुए कांवड़ियों की सेवा करें, ताकि कांवड़ यात्रा शांतिपूर्ण एवं सुचारू रूप से संपन्न हो सके।
नगर आयुक्त अपने कार्यालय में कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिले में स्थापित किए जाने वाले प्रमुख कांवड़ सेवा शिविरों पर मोबाइल स्वास्थ्य वैन उपलब्ध करवाई जाए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सुविधा मिल सके।
पुलिस विभाग को निर्देश दिए गए कि कुरुक्षेत्र रोड सहित प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखी जाए तथा जाम की स्थिति न बनने दी जाए। विशेष रूप से डाक कांवड़ के आवागमन के दौरान अतिरिक्त सतर्कता बरती जाए। साथ ही असामाजिक एवं नशाखोर तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
नगर आयुक्त कपिल शर्मा ने जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग को कांवड़ सेवा शिविरों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध करवाने तथा नगर परिषद अधिकारियों को आवश्यकता अनुसार मोबाइल शौचालयों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बिजली निगम के अधिकारियों को शिविरों में बिजली कनेक्शन एवं विद्युत सुरक्षा की जांच समय पर पूरी करने के लिए कहा, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न रहे।
रेडक्रॉस सोसायटी के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि शिविरों में स्वयंसेवकों की तैनाती सुनिश्चित करें, जो श्रद्धालुओं को आवश्यक सहायता एवं जानकारी उपलब्ध कराएं। बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने समाजसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से सुझाव भी आमंत्रित किए। समाजसेवियों सहित अन्य प्रतिनिधियों ने सुरक्षा, पेयजल, बिजली तथा यातायात व्यवस्था को और बेहतर बनाने संबंधी महत्वपूर्ण सुझाव दिए।
बैठक में जीवन रक्षक दल की ओर से कांवड़ियों के वाहनों की नि:शुल्क पंचर मरम्मत सेवा उपलब्ध कराने की जानकारी दी गई। आवश्यकता पड़ने पर श्रद्धालु दल के सदस्य सोनू वर्मा से मोबाइल नंबर 8685090000 पर संपर्क कर सकते हैं। इसी प्रकार समाजसेवी जितेंद्र कुमार ने 11 अगस्त तक ढांड से कलायत मार्ग पर आवश्यकता पड़ने पर अपनी नि:शुल्क एंबुलेंस सेवा उपलब्ध कराने की घोषणा की। जरूरतमंद श्रद्धालु उनसे मोबाइल नंबर 9416570001 पर संपर्क कर सकते हैं।
अन्य खबरें जानें –

