BHIWANI में PWD मैकेनिकल कर्मचारियों का हल्ला बोल, लंबित मांगों को लेकर जोरदार धरना, मांगें पूरी नहीं हुईं तो उग्र होगा आंदोलन

भिवानी, 5 अगस्त भिवानी में हरियाणा गवर्नमेंट PWD मैकेनिकल वर्कर यूनियन के बैनर तले कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। सिंचाई…

भिवानी

भिवानी, 5 अगस्त

भिवानी में हरियाणा गवर्नमेंट PWD मैकेनिकल वर्कर यूनियन के बैनर तले कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर जोरदार धरना-प्रदर्शन किया। सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता कार्यालय के बाहर कर्मचारियों ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि यदि जल्द मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के बैनर तले हरियाणा गवर्नमेंट PWD मैकेनिकल वर्कर यूनियन के कर्मचारियों ने भिवानी स्थित अधीक्षक अभियंता, यमुना जल सेवाएं परिमंडल (सिंचाई विभाग) कार्यालय पर जिला स्तरीय धरना-प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने विभाग पर लंबे समय से लंबित मांगों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जमकर नारेबाजी की। धरने की अध्यक्षता जिला प्रधान अनिल बागड़ी ने की, जबकि मंच संचालन जिला सचिव सोमबीर पालूवास ने किया।

धरने के दौरान कर्मचारियों ने समय पर पदोन्नति, विभिन्न साइटों पर हुए झगड़ों और हादसों के मामलों में दोषियों पर कार्रवाई, हरियाणा कौशल रोजगार निगम ,कर्मचारियों को समय पर वेतन, पिछले सात महीनों से लंबित मेडिकल बिलों का बजट जारी करने और वर्ष 2020 से 2023 तक के एलटीसी बकाया का भुगतान करने की मांग उठाई। कर्मचारियों का कहना है कि बार-बार अधिकारियों से मिलने के बावजूद उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा।

धरने को संबोधित करते हुए राज्य सह-सचिव संदीप सौरखी, राज्य उप-प्रधान सूरजभान जटासरा और सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान सुमेर आर्य ने कहा कि कर्मचारी अपनी जायज मांगों को लेकर लगातार विभागीय अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने आरोप लगाया कि सात-सात महीनों से मेडिकल बिलों का बजट अटका हुआ है, HKRN कर्मचारियों को समय पर वेतन नहीं मिल रहा और पदोन्नति की प्रक्रिया भी ठप पड़ी हुई है।

यूनियन नेताओं ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द ही मांगों का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी सिंचाई विभाग और संबंधित अधिकारियों की होगी। इस धरना-प्रदर्शन में यूनियन के कई पदाधिकारियों और विभिन्न शाखाओं के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।फिलहाल कर्मचारियों ने प्रशासन से जल्द सकारात्मक कार्रवाई की मांग की है। अब देखना होगा कि विभाग उनकी मांगों पर कितना जल्द निर्णय लेता है या फिर यह आंदोलन आने वाले दिनों में और तेज होता है।

 अन्य खबरें जानें –

RBI ने लगातार तीसरी बार रेपो रेट 5.25% पर रखा स्थिर, होम-कार लोन की EMI में नहीं होगा बदलाव

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *