मोगा, 29 जुलाई
मोगा पुलिस ने अजीतवाल बाजार में एक ज्वेलर्स की दुकान पर हुई लूट की वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई करीब डेढ़ किलो चांदी, वारदात में इस्तेमाल की गई कार, एक अवैध देसी पिस्तौल, एक कापा (धारदार हथियार) तथा एक कृपाण बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार, 21 जुलाई 2026 को अजीतवाल बाजार में कार सवार तीन युवकों ने एक ज्वेलर्स की दुकान पर लूट की वारदात को अंजाम दिया था। घटना के बाद थाना अजीतवाल में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुखदीप सिंह उर्फ सुखा, हरदीप सिंह उर्फ हरपी तथा पवित्र सिंह उर्फ लल्ल के रूप में हुई है। तीनों आरोपी गांव रामवाला नवां, जिला मोगा के निवासी हैं।जांच के दौरान यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी सुखदीप सिंह भारतीय सेना में कार्यरत है और वारदात के समय छुट्टी पर अपने गांव आया हुआ था। पुलिस इस पहलू की भी गहनता से जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में तीनों आरोपियों के खिलाफ पहले किसी भी प्रकार का आपराधिक मामला दर्ज होने की जानकारी नहीं मिली है। अब आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि उनसे आगे की पूछताछ कर यह पता लगाया जा सके कि वे किसी अन्य आपराधिक वारदात में भी शामिल रहे हैं या नहीं।
अन्य खबरें जानें –
हरियाणा के हिसार में जमकर हुई बारिश, 37 MM दर्ज, कंपनियां चौक हुए जलमग्न



