यमुनानगर, 24 जुलाई
दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के कथित लाठीचार्ज और पुलिस कार्रवाई के विरोध की गूंज अब यमुनानगर तक पहुंच गई है। इंडियन नेशनल लोकदल के कानूनी प्रकोष्ठ ने महामहिम राष्ट्रपति के नाम जिला उपायुक्त के माध्यम से ज्ञापन सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान जिला पुलिस अधीक्षक को भी ज्ञापन सौंपा गया।
इंडियन नेशनल लोकदल के कानूनी प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों ने जिला सचिवालय पहुंचकर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर अपनी मांगों को लेकर शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित रूप से पुलिस ने बल प्रयोग किया। संगठन ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का हवाला देते हुए आरोप लगाया कि कुछ छात्रों के साथ मारपीट, अपमानजनक व्यवहार तथा महिला प्रदर्शनकारियों के साथ कथित अभद्रता की गई।
ज्ञापन में राष्ट्रपति से पूरे मामले की उच्चस्तरीय और स्वतंत्र जांच कराने, दोषी अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ निष्पक्ष एवं सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई। साथ ही यदि महिला प्रदर्शनकारियों के साथ अभद्र व्यवहार की पुष्टि होती है तो संबंधित पुलिस कर्मियों पर भी कानूनी कार्रवाई करने की मांग उठाई गई। भविष्य में शांतिपूर्ण लोकतांत्रिक प्रदर्शनों के दौरान नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की भी अपील की गई।
अन्य खबरें जानें-



