मोहाली, 24 जुलाई
मोहाली में शादी का प्रस्ताव ठुकराने के बाद एक महिला की महिंद्रा थार पर तेजाब फेंकने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने प्रॉपर्टी और कोयला कारोबारी सुखपाल सिंह खीपल समेत कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
32 वर्षीय महिला ने बताया कि वर्ष 2022 में उसकी पहचान सुखपाल सिंह खीपल से हुई थी। दोस्ती के बाद आरोपी ने अपनी पत्नी से विवाद का हवाला देकर शादी का प्रस्ताव रखा। महिला का आरोप है कि बाद में आरोपी ने पत्नी और उसे एक साथ रखने की बात कही, जिसे उसने ठुकरा दिया और उससे दूरी बना ली।
पीड़िता के अनुसार, 13 जुलाई की रात उसकी सोसायटी की पार्किंग में खड़ी महिंद्रा थार पर तेजाब फेंका गया। अगले दिन गाड़ी का पिछला शीशा टूटा मिला और वाहन के अंदर तेजाब से भरी दो बोतलें पड़ी थीं। तेजाब के कारण गाड़ी को काफी नुकसान पहुंचा।महिला का दावा है कि सोसायटी के CCTV फुटेज में आरोपी का ड्राइवर, एक कर्मचारी और गनमैन घटना के समय संदिग्ध गतिविधियों में दिखाई दिए।
उसने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत दर्ज न कराने के बदले आरोपी ने नई गाड़ी दिलाने का लालच दिया। पीड़िता ने आरोपी की पत्नी की भूमिका पर भी संदेह जताया है।पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
अन्य खबरें जानें-



