गुरुग्राम, 24 जुलाई
गुरुग्राम को पानी की सप्लाई करने वाली NCR नहर पर नहरी पानी की अवैध चोरी रोकने गई सिंचाई विभाग की टीम पर दबंगों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने SDO और उनकी टीम पर कस्सी (फावड़े) से हमला किया और उनकी जमकर पिटाई की। इतना ही नहीं, विरोध में वीडियो बना रहे कर्मचारियों के फोन छीनकर नहर में फेंक दिए गए।
घटना के बाद से विभाग के कर्मचारियों में भारी रोष है। पुलिस को दी शिकायत में बताया कि सिंचाई विभाग के SDO यशपाल अपनी टीम के साथ NCR नहर के RD नंबर 37 के पास नियमित गश्त पर थे। टीम में उनके साथ एक JE, ड्राइवर और दो बेलदार भी शामिल थे। गश्त के दौरान उन्होंने देखा कि कुछ लोग दो ट्रैक्टरों पर मोटर लगाकर अवैध रूप से नहरी पानी की चोरी कर रहे हैं।
जब विभाग की टीम ने इसका विरोध किया और पानी चोरी करने से मना किया, तो आरोपी गाली-गलौज करने लगे और अचानक से कस्सी और डंडों से मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने सरकारी ड्यूटी पर मौजूद टीम पर धावा बोल दिया। उनके पास मौजूद कस्सी से हमला कर कर्मचारियों की बेरहमी से पिटाई की गई।
इस दौरान जब कर्मचारियों ने अपनी सुरक्षा और सबूत के लिए घटना का वीडियो बनाना चाहा, तो दबंगों ने उनके मोबाइल फोन छीन लिए और उन्हें बहते पानी में फेंक दिया।जानलेवा हमले में घायल हुए SDO और अन्य कर्मचारियों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही सिंचाई विभाग की यूनियन के पदाधिकारी और सदस्य भी कर्मचारियों के समर्थन में अस्पताल पहुंच गए। यूनियन के प्रधान ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि पुलिस ने जल्द से जल्द सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की, तो विभाग के तमाम कर्मचारी उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे।
घटना के संबंध में मांडौठी पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दर्ज करा दी गई है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए विभिन्न धाराओं के तहत FIR दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
अन्य खबरें जानें-



