नूंह, 24 जुलाई
नूंह के पुन्हाना अनाज मंडी में 25 जुलाई को प्रस्तावित मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के दौरे को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गए हैं। शुक्रवार को नूंह जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन और उपायुक्त अखिल पिलानी ने संबंधित अधिकारियों के साथ रैली स्थल, हेलिपैड, पार्किंग और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा की।
अधिकारियों ने मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान रैली स्थल पर आमजन के बैठने की व्यवस्था, VIP मूवमेंट, प्रवेश एवं निकास मार्ग, ट्रैफिक प्रबंधन, बैरिकेडिंग और आपातकालीन व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने सुरक्षा से जुड़े सभी बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय में सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के सभी पहलुओं की समीक्षा की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग अपनी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कर रहा है।
उपायुक्त अखिल पिलानी ने भी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम की सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराना है, साथ ही आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसका भी विशेष ध्यान रखा जाएगा।
प्रशासन के अनुसार कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे। ट्रैफिक व्यवस्था, पार्किंग, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं के लिए अलग-अलग टीमें तैनात की जाएंगी, ताकि मुख्यमंत्री का दौरा पूरी सुरक्षा और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
अन्य खबरें जानें-



