बागवानी को लाभकारी व्यवसाय बनाने के लिए किसानों को बीज से बाजार तक पूरा सहयोग दिया जा रहा है: मोहिंदर भगत

चंडीगढ़, 14 जुलाई : पंजाब के बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत ने आज कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य…

चंडीगढ़, 14 जुलाई : पंजाब के बागवानी मंत्री मोहिंदर भगत ने आज कहा कि मुख्यमंत्री स. भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार राज्य में बागवानी को बढ़ावा देने और किसानों की आय बढ़ाने के लिए तेजी से काम कर रही है। उन्होंने कहा कि किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ देने के साथ-साथ आधुनिक बागवानी तकनीकों के संबंध में तकनीकी जानकारी और मार्गदर्शन भी दिया जा रहा है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए मोहिंदर भगत ने बताया कि बागवानी विभाग द्वारा किसानों को उत्तम बीज और पौध सामग्री, तकनीकी सलाह और आधुनिक कृषि तकनीकों के बारे में जानकारी उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि मान सरकार किसानों को बीज से बाजार तक हर स्तर पर आवश्यक सहयोग दे रही है ताकि बागवानी को और अधिक लाभकारी व्यवसाय बनाया जा सके।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की किसान-हितैषी नीतियाँ और विभाग द्वारा दी जा रही तकनीकी मार्गदर्शन किसानों को पारंपरिक फसली चक्र से बाहर निकालकर अधिक मूल्य वाली बागवानी फसलों की खेती की ओर प्रेरित कर रही हैं।

उन्होंने बताया कि फलों, सब्जियों और अन्य उच्च मूल्य वाली फसलों की खेती किसानों के लिए अधिक लाभकारी साबित हो रही है। इसके साथ ही पोस्ट-हार्वेस्ट प्रबंधन, कोल्ड चेन, पैकहाउस और प्रोसेसिंग सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है ताकि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिल सके। उन्होंने कहा कि बागवानी क्षेत्र को और मजबूत करके राज्य की कृषि को नई ऊँचाइयों पर ले जाने के लिए प्रयास लगातार जारी रहेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *