SONIPAT में नाबालिग बच्चे के साथ की मारपीट, चोरी करने के शक में करंट लगाया, पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को किया गिरफ्तार

सोनीपत , 13 जुलाई सोनीपत के सेक्टर-15 स्थित बिहारी मार्केट में एक 10 वर्षीय मासूम के साथ कथित रूप से बेरहमी से मारपीट और करंट…

सोनीपत
सोनीपत , 13 जुलाई

सोनीपत के सेक्टर-15 स्थित बिहारी मार्केट में एक 10 वर्षीय मासूम के साथ कथित रूप से बेरहमी से मारपीट और करंट लगाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बच्चे की मां ने आरोप लगाया है कि बिजली की दुकान संचालक और उसके बेटे ने पहले उसके नाबालिग बेटे को बुरी तरह पीटा, फिर उसे जबरन दुकान के अंदर ले जाकर बिजली के कंडेनसर से करंट लगाया। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें दोनों आरोपी बच्चे के साथ मारपीट करते और करंट लगाते दिखाई दे रहे हैं।

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने बच्चे का मेडिकल कराया, वीडियो फुटेज और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) और जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बिहारी मार्केट में मासूम के साथ मारपीट का आरोप

शिकायतकर्ता रुबी देवी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह सेक्टर-15 स्थित बिहारी मार्केट में किराये के मकान में रहती हैं और दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करती हैं। उनके तीन बेटे हैं, जिनमें 10 वर्षीय राहुल दूसरा बेटा है। महिला के अनुसार 9 जुलाई 2026 को करीब ढाई बजे उन्हें सूचना मिली कि बिजली की दुकान संचालक संजीव गुप्ता और उसका बेटा चिराग उनके बेटे राहुल के साथ मारपीट कर रहे हैं।

मां के सामने भी नहीं रुकी पिटाई

दुकान के अंदर ले जाने का आरोप रुबी देवी का आरोप है कि वह तुरंत दुकान पर पहुंचीं तो देखा कि दोनों आरोपी उनके बेटे को लात-घूंसों से बेरहमी से पीट रहे थे। जब उन्होंने बेटे को छुड़ाने का प्रयास किया तो दोनों ने उनका रास्ता रोक दिया और राहुल को दोबारा पकड़कर दुकान के अंदर ले गए। महिला का आरोप है कि दुकान के अंदर संजीव गुप्ता ने जबरन बच्चे को बिजली के कंडेनसर से करंट लगाया, जबकि दोनों पिता-पुत्र लगातार उसके साथ मारपीट करते रहे।

वीडियो फुटेज मिलने के बाद पुलिस को दी शिकायत

महिला ने अपनी शिकायत में बताया कि 12 जुलाई को उन्हें घटना की वीडियो फुटेज मिली, जिसमें कथित तौर पर संजीव गुप्ता और उसका बेटा चिराग राहुल के साथ बेरहमी से मारपीट करते और कंडेनसर से करंट लगाते दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने यह वीडियो पेन ड्राइव में कॉपी कर पुलिस को सौंप दिया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि शिकायत देने के बाद भी आरोपी पिता-पुत्र उन्हें और उनके बेटे को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं।

मेडिकल में मिली दो चोटें

12 जुलाई को रुबी देवी अपने बेटे राहुल के साथ थाना सेक्टर-27 पहुंचीं और लिखित शिकायत दी। इसके बाद पुलिस बच्चे को सिविल अस्पताल लेकर गई, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। मेडिकल लीगल रिपोर्ट (MLR) में बच्चे के शरीर पर दो चोटों का उल्लेख किया गया है। डॉक्टर ने ऑर्थोपेडिक और ENT विशेषज्ञ की राय भी आवश्यक बताई है।

वीडियो और मेडिकल के आधार पर केस दर्ज

पुलिस ने शिकायत, मेडिकल रिपोर्ट और पेन ड्राइव में उपलब्ध वीडियो फुटेज का अवलोकन करने के बाद केस दर्ज किया। इसके आधार पर थाना सेक्टर-27 में FIR नंबर 167, दिनांक 12 जुलाई 2026 दर्ज की गई। मामला भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 127(2), 351(3), 3(5) तथा जुवेनाइल जस्टिस एक्ट की धारा 75 के तहत दर्ज किया गया है।

पुलिस ने शुरू की आगे की जांच

मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी को केस की फाइल सौंप दी गई है और वीडियो फुटेज, मेडिकल रिपोर्ट तथा अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

अन्य खबरें जाने –

BULLET की ‘दहाड़’ पड़ी भारी , KARNAL में मॉडिफाइड बाइक का ₹51,500 का कटा चालान, बिना नंबर प्लेट, नियम तोड़े और पुलिस से अभद्रता, भरना पड़ा भारी जुर्माना

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *