दिल्ली 6 जुलाई
दिल्ली सरकार राजधानी के सार्वजनिक परिवहन को अधिक सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाने जा रही है।बसों की कमी और लंबे इंतजार की समस्या को दूर करने के लिए 7 जुलाई को दिल्ली के बेड़े में 300 नई इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जाएंगी। इन बसों को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।
परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि नई बसों को सबसे पहले उन रूटों पर तैनात किया जाएगा, जहां यात्रियों की संख्या अधिक रहती है और पीक ऑवर में बसों पर सबसे ज्यादा दबाव होता है। इससे यात्रियों का इंतजार कम होगा और भीड़भाड़ वाली बसों में सफर करने की परेशानी भी घटेगी।
नई शामिल की जा रही 300 बसों में अधिकांश 9 मीटर लंबाई की इलेक्ट्रिक बसें हैं। इनका आकार ऐसा है कि ये मुख्य सड़कों के साथ-साथ संकरी गलियों और उन इलाकों में भी आसानी से चल सकेंगी, जहां बड़ी बसों का संचालन मुश्किल होता है। इससे कॉलोनियों और प्रमुख मार्गों के बीच लास्ट माइल कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।
अधिकारियों के मुताबिक, फिलहाल दिल्ली में 6,100 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें संचालित हो रही हैं। नई 300 बसों के शामिल होने के बाद यह संख्या और बढ़ जाएगी, जिससे प्रदूषण कम करने और स्वच्छ सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने में मदद मिलेगी।
परिवहन मंत्री ने कहा कि नई सेवा से रोजाना कार्यालय, शिक्षा और इलाज के लिए आने-जाने वाले लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही सफर का समय कम होगा, भीड़भाड़ वाले मार्गों पर दबाव घटेगा और सार्वजनिक परिवहन के उपयोग को बढ़ावा मिलेगा।
अन्य खबरें जाने –



