दिल्ली 2 जुलाई
देशभर में मानसून के सक्रिय होने के साथ ही कई राज्यों में भारी बारिश ने जनजीवन को बहुत प्रभावित किया है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बादल फटने की घटनाएं सामने आई है। जिससे लैंडस्लाइड और सड़के बंद होने की घटनाएँ सामने आई है। वहीं, असम राज्य में बाढ़ से हजारों लोग प्रभावित हैं। दूसरी ओर, दिल्ली-NCR , पंजाब और हरियाणा में हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है।
कुछ दिन की देरी से पहुंचे मानसून के चलते जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में जोरदार बारिश हुई। जम्मू-कश्मीर में डोडा में 2 जगहों पर बादल फटा। जिससे वहां का जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित हुआ। गांव के लोगों का बाहरी क्षेत्रों स संपर्क टूट गया।
हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति और चंबा जिलों में तीन स्थानों पर बादल फटने की घटनाएं सामने आई हैं। लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन के कारण शिमला, मनाली और धर्मशाला समेत कई क्षेत्रों में 50 से अधिक सड़कें बंद हो गई हैं, जिससे यातायात बाधित है।
उत्तराखंड में लगातार बारिश के चलते केदारनाथ धाम के लिए हेलिकॉप्टर सेवा फिलहाल के लिए स्थगित कर दी गई है। देहरादून के जौलीग्रांट हवाईअड्डे से चार उड़ानों को खराब मौसम के कारण अन्य स्थानों के लिए डायवर्ट करना पड़ा। देहरादून, बागेश्वर और रुद्रप्रयाग जिलों में भी लगातार बारिश जारी है।उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में भी आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत हो गई।
पूर्वोत्तर भारत की बात करें तो असम राज्य के 6 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। राज्य के धेमाजी, लखीमपुर, बिस्वनाथ, नलबाड़ी, डिब्रूगढ़ और चिरांग जिलों में 46,938 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं। बाढ़ के कारण कृषि भूमि भी जलमग्न हो गई है।
महाराष्ट्र और कर्नाटक में भी भारी बारिश का दौर जारी है। मुंबई में लगातार दूसरे दिन बारिश होने से कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी रही। महाराष्ट्र के पालघर जिले में मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है।
हालांकि, दिल्ली-NCR , पंजाब और हरियाणा में हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है। बारिश के बाद तापमान में करीब 6 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है।
अन्य ख़बरें जानें-
महिलाओं के बैंक खातों में आए 1000 रुपये




