Yamunanagar Girl Take Poison:
यमुनानगर में एक नाबालिग लड़की की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो जाने का मामला सामने आया है। तबीयत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह साफ नहीं हो पाया है कि किशोरी ने जहरीला पदार्थ क्यों खाया।
खाना खाकर गई अपने कमरे फिर बिगड़ी तबीयत
मृतका की पहचान रायपुर कॉलोनी निवासी 17 वर्षीय महक के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार रात परिवार के सभी सदस्य खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरों में सोने चले गए थे। महक भी अपने कमरे में चली गई थी, लेकिन कुछ देर बाद उसकी अचानक तबीयत बिगड़ने लगी और उसे उल्टियां होने लगीं। परिजनों ने पहले पास के एक क्लीनिक से दवा दिलवाई, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। इसके बाद परिवार वाले उसे तुरंत सिविल अस्पताल यमुनानगर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए भर्ती कर लिया।
जहरीला पदार्थ खाने का नहीं चला पता
परिजनों के अनुसार बुधवार पूरे दिन महक की हालत नाजुक बनी रही। डॉक्टर लगातार उसका इलाज करते रहे, लेकिन वीरवार करीब दो बजे उसने दम तोड़ दिया। बेटी की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतका के पिता फरीद ने बताया कि महक आठवीं कक्षा तक पढ़ी हुई थी और घर में सब कुछ सामान्य था। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि उसने कौन सा जहरीला पदार्थ खाया और आखिर ऐसा कदम क्यों उठाया। परिवार भी इस घटना से सदमे में है।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
अन्य ख़बरें जानें-
अन्य अपड़ेट के लिए जुड़े रहिए LIVING INDIA NEWS के साथ 24/7 LIVE


