Phillaur Guraya Truck Fire :
फिल्लौर गुराया में नेशनल हाईवे पर उस समय हंगामा मच गया जब चचराड़ी ओवरब्रिज पर एक ट्रक में आग लग गई। आग इतनी भयंकर थी कि उसे काबू में करने के लिए करीब 8 से 10 फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को मौके पर बुलाना पड़ा। करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस बारे में जानकारी देते हुए रोड सेफ्टी फोर्स के इंचार्ज सरबजीत सिंह ने बताया कि उन्हें MDT डिवाइस के जरिए सूचना मिली थी कि लुधियाना से जालंधर जा रहा एक ट्रक चचराड़ी ओवरब्रिज पर खड़ी मोटर ग्रेडर मशीन से टकरा गया है, जिससे ट्रक में आग लग गई।
सूचना मिलते ही SSF की टीम मौके पर पहुंची और पाया कि मोटर ग्रेडर मशीन से टकराने के बाद ट्रक में आग लग गई थी। बताया जा रहा है कि ट्रक में प्लास्टिक के दाने भरे हुए थे, जिसकी वजह से आग ने जल्द ही भयानक रूप ले लिया। घटना के बाद ट्रक ड्राइवर मौके से भाग गया। ERV गोराया टीम भी मौके पर पहुंची और सुरक्षा कारणों से मेन हाईवे को बैरिकेड लगाकर बंद कर दिया गया। इसके बाद ट्रैफिक को सर्विस लेन की तरफ मोड़ दिया गया ताकि कोई और अनहोनी न हो। फिल्लौर और फगवाड़ा से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई गईं, जिन्होंने काफी देर की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गोराया थाने के मुंशी को भी इस घटना की जानकारी दे दी गई है। फिल्लौर गोराया से राज कुमार नांगल की खास रिपोर्ट



