विजिलेंस ब्यूरो ने पटवारी को 10,000 रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथों किया गिरफ्तार

चंडीगढ़, 27 फरवरी, 2026: विजिलेंस ब्यूरो, पंजाब ने राज्य में भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के दौरान जिला बठिंडा के कोट शमीर स्थित…

Vigilance Bureau

चंडीगढ़, 27 फरवरी, 2026: विजिलेंस ब्यूरो, पंजाब ने राज्य में भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के दौरान जिला बठिंडा के कोट शमीर स्थित माल कार्यालय में तैनात पटवारी मनजोत सिंह को 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए आज यहां राज्य विजिलेंस ब्यूरो के एक सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि उक्त आरोपी को गांव कोट शमीर, जिला बठिंडा के एक निवासी द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर गिरफ्तार किया गया है।

उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता अपने रिश्तेदार की पैतृक संपत्ति के इंतकाल के लिए संबंधित पटवारी से मिला था। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी पटवारी ने उसके रिश्तेदार की संपत्ति का इंतकाल करने के बदले 10,000 रुपये रिश्वत की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने रिश्वत की मांग से संबंधित पूरी बातचीत रिकॉर्ड कर ली थी।

शिकायतकर्ता रिश्वत नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने विजिलेंस ब्यूरो रेंज, बठिंडा से संपर्क कर शिकायत दर्ज करवाई। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए विजिलेंस ब्यूरो ने जाल बिछाया और सरकारी गवाहों की मौजूदगी में आरोपी पटवारी को शिकायतकर्ता से 10,000 रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू कर लिया।

इस संबंध में आरोपी के विरुद्ध विजिलेंस ब्यूरो थाना बठिंडा में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *