Punjab News: पंजाब के लुधियाना जिले से जाली नोटों का मामला सामने आया है, जहां नकली नोटों का कारोबार करने वाले दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है. लुधियाना पुलिस ने घरों में प्रिंटर लगाकर 200 और 100 रुपये के नकली नोट छापने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है.
इस गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उनका एक साथी फरार है. पकड़े गए दोनों आरोपियों के पास से 5 लाख 10 हजार रुपये के नकली नोट बरामद किए गए हैं. जब वह पकड़ा गया तो वह कार में नकली नोट ले जा रहा था.
तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. उनकी पहचान सोहन सिंह उर्फ सोनी, मनदीप सिंह उर्फ मनु निवासी जगराओं के रूप में हुई है और उनके भगोड़े साथी की पहचान बख्तौर सिंह निवासी मोगा के रूप में हुई है.
मिली जानकारी के मुताबिक ये लोग 3 महीने से नकली नोट छाप रहे थे. एसीपी मंदीप सिंह ने बताया कि आरोपियों के पास से 200 रुपये के 16 बंडल और 100 रुपये के 19 बंडल नकली नोट बरामद हुए हैं, जिनकी कुल रकम 5.10 लाख रुपये है. वे 100-200 रुपये के नोट छापते थे ताकि उन्हें बाजार में आसानी से चलाया जा सके.
आरोपी जिस प्रिंटर से नकली नोट छापते थे, वह अभी बरामद नहीं हुआ है. तीनों आरोपी 3 महीने से ज्यादा समय से इस काम में लगे हुए थे. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि आरोपियों ने अब तक कितने नकली नोट बनाए और बाजार में चलाए हैं। इसका खुलासा पुलिस जल्द ही करेगी.



