Bangladesh PM Swearing In Ceremony:
बांग्लादेश में नए कैबिनेट के शपथ ग्रहण समारोह के लिए अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने भारत के साथ 13 देशों के शासनाध्यक्षों को आमंत्रित किया है. इसमें चीन, सऊदी अरब, भारत, पाकिस्तान, तुर्की, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, मलेशिया, ब्रुनेई, श्रीलंका, नेपाल, मालदीव और भूटान शामिल हैं. शपथ ग्रहण समारोह 17 तारीख़ को आयोजित होगा.
बांग्लादेश के तेरहवें संसदीय चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है. पार्टी के अध्यक्ष तारिक़ रहमान देश के अगले प्रधानमंत्री बनेंगे. भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 17 फरवरी को बांग्लादेश के अगले प्रधानमंत्री तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया है। साथ ही अन्य देश के नेताओं को भी बुलाया गया है। ढाका से यह मैसेज शनिवार देर रात भारतीय अधिकारियों तक पहुंचा।
लेकिन बताया जा रहा है कि पीएम मोदी की ढाका जाने की उम्मीद न के बराबर है। इसके पीछे वजह देते हुए कहा गया कि 17 फरवरी को प्रधानमंत्री मोदी और फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की अहम मुलाकात होनी है। मैक्रों अगले हफ्ते एआई इम्पैक्ट समिट में हिस्सा लेने के लिए भारत आ रहे हैं। इस समिट को अब तक का सबसे बड़ा एडिशन बताया जा रहा है। लेकिन भारत तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में एक वरिष्ठ प्रतिनिधि भेज सकता है। शायद उप राष्ट्रपति या विदेश मंत्री जा सकते हैं।



