Ind vs Pak T20 World Cup U-Turn:
T-20 विश्वकप 2026 में पाकिस्तान ने आखिरकार एलान किया कि वह भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले मैच में खेलने को तैयार है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड(पीसीबी) के अध्यक्ष ने इतने दावों और गीदड़भभकियों के बाद ऐसा करके अपने देश का और खुद का फिर से मजाक बनवा लिया है। पाकिस्तान सरकार ने पहले अपनी टीम को आदेश दिया था कि वह भारत के खिलाफ मैच के लिए मैदान पर नहीं उतरे और अब शहबाज शरीफ की सरकार ने यू-टर्न ले लिया है। रविवार को आईसीसी, पीसीबी और बीसीबी के बीच मीटिंग हुई थी। इसके बाद पाकिस्तान सरकार ने ऐलान किया है कि उनकी टीम तय शेड्यूल के अनुसार भारत के खिलाफ मैच खेलेगी।
पाकिस्तान को मैच की जरूरत-
विशेषज्ञों का कहना है कि पाकिस्तान को भारत के खिलाफ मैच की जरूरत किसी और बोर्ड या काउंसिल से ज्यादा है। पैसे, राजनीति, दर्शक, सब कुछ इससे जुड़ा था। अगर टीम नहीं उतरती तो ब्रॉडकास्टर्स छूट मांगते, स्पॉन्सर नाराज होते और फैंस सबसे पहले सवाल पूछते। इसलिए वापसी तय थी। बस समय का इंतजार था और आखिरकार…ठीक वैसा ही हुआ जैसा पहले दिन से कहा जा रहा था। पाकिस्तान खेलेगा। बयान अब यह है कि बातचीत हुई, न्याय मिला, सिद्धांत बचा लिया गया। तकनीकी रूप से यह सब सही लग सकता है, लेकिन दुनिया ने देखा कि असली धमकी कब खत्म हुई, जब हिसाब लगाया गया।
15 फरवरी को उतरेंगी टीमें –
15 फरवरी को जब टीमें उतरेंगी तो स्टेडियम भरा होगा, टीवी रेटिंग आसमान छुएगी। लोग चौके-छक्के याद रखेंगे, यह हफ्ते भर का ड्रामा नहीं। लेकिन पर्दे के पीछे की कहानी दर्ज हो चुकी है। वो कहावत है न, ‘कोयला होय न ऊजलौ, सौ मन साबुन लाय।’ यानी फितरत बदलना आसान नहीं होता। इसलिए अगर भविष्य में फिर कभी पाकिस्तान की ऐसी कोई नई धमकी, नया बहिष्कार या नया अल्टीमेटम सुनाई दे, तो दुनिया शायद उतनी हैरान नहीं होगी।



